सिवनी मालवा। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने ग्राम बराखड़ कला स्थित श्री राम जानकी एवं राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट तथा महावीर जी मंदिर दूधियावड़ के ट्रस्टियों पर कथित मिलीभगत और निजी लाभ के लिए मंदिर की संपत्तियों का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
लाखों रुपये के राजस्व की हानि का आरोप
नीरज तिवारी के अनुसार, श्री राम जानकी एवं राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के पास लगभग 65-70 एकड़ और महावीर जी मंदिर दूधियावड़ के पास लगभग 15 एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि है। आरोप है कि इन भूमियों की सार्वजनिक नीलामी करने के बजाय आपसी सहमति से इसे मात्र 20 से 25 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से अपनों में बांट देते हैं। जबकि वर्तमान बाजार दर के अनुसार, इससे प्रतिवर्ष लाखों रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता था।
अवैध निर्माण और प्लॉट विक्रय में गोलमाल की आशंका
मामला केवल कृषि भूमि तक सीमित नहीं है, मुख्य मार्ग पर नाले के ऊपर बिना किसी विभागीय अनुमति के दुकानों का निर्माण कर उन्हें भी बिना नीलामी के आवंटित करने का आरोप लगाया है। साथ ही, वर्ष 2005 में टीएनसीपी से प्राप्त आवासीय कॉलोनी की अनुमति समाप्त होने के बाद भी प्लॉटों का विक्रय जारी रहने और कमजोर आय वर्ग के लिए आरक्षित प्लॉटों को सक्षम व्यक्तियों को बेचने जैसे गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
पारदर्शिता पर सवाल और निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने ट्रस्ट की ऑडिट रिपोर्ट पर भी संदेह जताते हुए कहा कि भूमि से होने वाली वास्तविक आय को छिपाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की संपत्तियों के प्रबंधन की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की जाए। नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माण और भूमि आवंटन को रद्द कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। मंदिर की आय और संपत्तियों के संरक्षण के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।










