इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं की बगिया ओझा मोहल्ला में गाली-गलौज का विरोध करने पर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी संतोष वर्मा 36 वर्ष, निवासी साईं की बगिया ओझा मोहल्ला, न्यास कॉलोनी की बहन अनीता के साथ आरोपियों ने अभद्रता की। 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे फरियादी के घर के सामने आरोपी यश अहिरवार और भूरा दोनों निवासी साईं की बगिया ओझा मोहल्ला अनीता को गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे और उन्होंने उसे दो थप्पड़ मार दिए।
जब संतोष वर्मा अपनी बहन का बचाव करने बीच में आए, तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।











