इटारसी। खेल प्रेमियों के लिए उभरते हुए खेल पिकल बॉल का डबल्स टूर्नामेंट रविवार को स्थानीय एलकेजी ग्राउंड में हुआ। जिला पिकल बॉल संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में अंबर और शिवम की जोड़ी ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले
टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण फाइनल मैच रहा, जो अंबर-शिवम और अंशुल मिश्रा-विकास जुनेजा की जोड़ी के बीच खेला। बेहद रोमांचक रहे इस मुकाबले में अंबर और शिवम ने 15-8 के अंतर से विजय प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। तीसरे स्थान के लिए अंश-गौरव और वरुण-सौरभ के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें अंश और गौरव की जोड़ी ने 11-7 के स्कोर से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरस्कार वितरण और सम्मान
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि शशिकांत वाणी ने विजेता टीम को गोल्ड मेडल और उपविजेताटीम को सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में श्री वाणी ने कहा कि आने वाले समय में इटारसी पिकल बॉल की नर्सरी के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में मध्य प्रदेश की टीम से खेलने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
आयोजकों ने जताया आभार
जिला पिकल बॉल संगठन के अध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह जग्गी ने सभी खिलाडिय़ों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। संगठन के संरक्षक दिनेश गोठी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन गोल्डी मोलासरिया ने किया।










