इटारसी। कर्नाटक एक्सप्रेस (12628) में ऑन-ड्यूटी तैनात एसी मैकेनिक के. स्टीफन का इटारसी आउटर हनुमान मंदिर के पास दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया। अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटें आने पर आरपीएफ, मेडिकल और एसएसई इलेक्ट्रिक स्टाफ ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत रेलवे एम्बुलेंस से इटारसी के दयाल मल्टी हॉस्पिटल पहुंचाया।
अनुबंध समाप्त होने की तकनीकी दिक्कत के बावजूद उपमंडल रेल चिकित्सालय के एमएस डॉ. मोहम्मद फरजीन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रशासनिक स्तर पर प्राथमिक उपचार का खर्च वहन कराया, जिससे इलाज में देरी नहीं हुई। इसके बाद मरीज को सागर मल्टी हॉस्पिटल, भोपाल रेफर किया गया। घायल कर्मचारी के साथ कोई परिजन न होने पर इटारसी रेल परिवार ने मोर्चा संभाला।
रेलवे चिकित्सालय के कर्मचारी आयुष बड़कुर और इलेक्ट्रिकल ईटीएल विभाग के जूनियर क्लर्क दीपक कनौजिया खुद एम्बुलेंस से भोपाल गए। वहां मरीज के शरीर में खून की भारी कमी होने पर इन दोनों जांबाज रेलकर्मियों ने तुरंत रक्तदान कर सहकर्मी की जान बचाई। इटारसी रेल परिवार का यह निस्वार्थ सेवा भाव पूरे रेल प्रशासन के लिए प्रेरणा स्रोत बना हुआ है।










