इटारसी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर में एक संगीतमय कार्यक्रम में इटारसी के अनेक गणमान्य जनों और कलाकारों ने अपनी खूबसूरत प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि स्वतंत्रता दिवस की यह शाम श्रोताओं के लिए हमेशा के लिए यादगार बन गई। कार्यक्रम में देशभक्ति के जोशीले तरानों के साथ-साथ बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की भी महफि़ल सजी।
देशभक्ति के गीतों से हुई शानदार शुरुआत
कार्यक्रम का आगाज देश प्रेम के जज्बे के साथ हुआ। विजय राव नाईक ने मेरी जान तिरंगा है, प्रस्तुत किया। जगदीश जुनानिया ने कर चले हम फिदा जान-तन साथियों और कादिर खान ने मेरे देश प्रेमियों गीत गाकर दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया। इसी कड़ी में बाबई से आए मनोज पाराशर ने हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए और रामनराव भूमरकर ने मेरे देश प्रेमियो आपस में प्रेम करो की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अगले चरण में सदाबहार गीतों की झड़ी लग गई। रेलवे एम्प्लाई नवीन गुप्ता ने सुरों के साथ ओ हंसनी कहां उड़ चली प्रस्तुत किया। वहीं, पं. शिवकुमार दुबे ने ये क्या हुआ कैसे हुआ कब हुआ और पप्पू अलावरी ने अपने बेहतरीन अंदाज में जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मुकाम गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नितेश जायसवाल ने इक प्यार का नगमा है की सुरीली प्रस्तुति दी। नगर के जाने-माने क्रिकेटर अमिताभ दुबे ने खेल के मैदान से बाहर मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाते हुए तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना गीत गाकर दोस्ती का शानदार पैगाम दिया। राजेश मालवीय ने भी मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।











