इटारसी। शहर में ‘इस हाथ से दिया जाए तो उस हाथ को पता न चले’ की सार्थक सोच के साथ एक गुमनाम टीम ने समाज सेवा की एक अनूठी पहल शुरू की है। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों तक खाने-पीने का आवश्यक राशन पहुंचाना है, जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और जिनके लिए रोजमर्रा का खर्च या भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है।
इस पुनीत कार्य की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सहायता प्राप्त करने वाले परिवार की गरिमा और स्वाभिमान को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। टीम ने अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी है और वे किसी भी परिवार के सामने प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हुए बिना, अप्रत्यक्ष तरीके से उनके घर तक राशन पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
यहां दे सकते हैं जरूरतमंदों की जानकारी
टीम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनकी जानकारी या नजर में ऐसा कोई परिवार है जिसे वास्तव में सहायता की आवश्यकता है, तो वे अवश्य सूचित करें। जरूरतमंदों की जानकारी शहर के निवासी अनिल मिहानी के मोबाइल नंबर 9425039540 के माध्यम से इस गुमनाम टीम तक पहुंचाई जा सकती है। इस मानवीय पहल का संदेश स्पष्ट है कि समाज के लोगों द्वारा दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी जरूरतमंद परिवार के घर का चूल्हा जला सकती है और उनके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है।










