इटारसी। शहर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। मदद के नाम पर लिफ्ट मांगकर वाहन चोरी करने का एक अनोखा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पुरानी इटारसी के वार्ड क्रमांक 5 निवासी फरियादी हरिशंकर बड़कुर पिता मुन्नालाल बड़कुर ने इटारसी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
खेत जाते समय हुई घटना
फरियादी हरिशंकर बडकुर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शनिवार, 29 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी स्कूटर (बजाज चेतक) से खेत जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। इंसानियत के नाते फरियादी ने उसे अपनी गाड़ी पर बैठा लिया।
धोखा देकर हुआ फरार
रास्ते में अज्ञात आरोपी ने फरियादी से कहा कि मैं गाड़ी चला लेता हूं और वह गाड़ी चलाने लगा। रेलवे लाइन के पास तारारोड़ा रोड पर जब फरियादी खेत के पास उतरा और गाड़ी खड़ी करके अपने खेत की तरफ जाने लगा, तभी अज्ञात आरोपी मौका पाकर फरियादी की खड़ी स्कूटर (बजाज चेतक) स्टार्ट कर वहां से भाग निकला। फरियादी ने उसे रोकने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन वह नहीं रुका और गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।











