इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आगामी 09 से 23 अप्रैल तक आयोजित होने वाले ‘8वें पोषण पखवाड़ा’ के सफल क्रियान्वयन हेतु आज एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। संभागीय संयुक्त संचालक नर्मदापुरम श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पोषण एवं बाल विकास से जुड़े विभिन्न आयामों पर विस्तृत रणनीति साझा की गई
प्रशिक्षण के दौरान श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष का पोषण पखवाड़ा विशेष रूप से पांच महत्वपूर्ण विषयों (थीम्स) पर केंद्रित रहेगा। इसमें मां एवं शिशु पोषण के साथ-साथ जीवन के प्रथम 1000 दिनों में मस्तिष्क के विकास पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, आधुनिक समय की चुनौतियों को देखते हुए बच्चों में स्क्रीन टाइम (मोबाइल/टीवी) को कम करने और उन्हें खेल-आधारित शिक्षा से जोड़ने हेतु माता-पिता एवं समुदाय को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।कार्यक्रम में मिशन नींव के अंतर्गत जिला समन्वयक वीरेंद्र कीर ने कार्यकर्ताओं को तकनीकी मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के संज्ञानात्मक, भाषाई और सामाजिक-भावनात्मक कौशल को बढ़ाने के लिए खेल-आधारित गतिविधियाँ अनिवार्य हैं। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे पखवाड़े के दौरान घर-घर संपर्क, रैलियां और सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं।
प्रशिक्षण में प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला, संभागीय कार्यालय से सौरभ साहू, पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तवार, श्रीमती रेखा चौरे और ब्लॉक समन्वयक हिना खान सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जनभागीदारी सुनिश्चित कर आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाया जाएगा और समुदाय में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाया जाएगा।










