इटारसी। विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ शाखा इटारसी की मासिक बैठक में मुख्य रूप से सरकार द्वारा पेंशन की गारंटी न मिलने और केंद्र सरकार द्वारा घोषित तिथि व दर से महंगाई राहत (डीआर) का भुगतान न किए जाने पर पेंशनर्स ने गहरा रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए सभी सदस्यों से तैयार रहने की अपील की गई।
बैठक में संगठन की एकजुटता और सक्रियता की सराहना की गई। बीते 20 मई को इंदौर में आयोजित धरना प्रदर्शन में इटारसी शाखा से शामिल हुए सभी जुझारू साथियों का विशेष सम्मान किया गया। इसके साथ ही संघ से जुड़े दो नए सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया गया।
कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की दी जानकारी
हमेशा की तरह इस बार भी बैठक में अपनों के बीच खुशियां बांटी गईं। संघ के 13 पेंशनर्स सदस्यों का जन्मदिन केक काटकर बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसके अलावा, बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अन्य पेंशनर्स को इस कल्याणकारी सुविधा का लाभ उठाने का सुझाव दिया और फॉर्म भरने व अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। बैठक को जीडी पाटिल, भागीरथ मेहरा, एमएल पटेल, आरपी परिहार, रफीक खान, अशोक तिवारी, भाईजी पटेल ने संबोधित किया। बैठक में 50 से अधिक बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर्स उपस्थित रहे। आभार विधि सलाहकार राजेंद्र कुमार दीवान ने व्यक्त किया।










