केसला (इटारसी)। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसडीओपी इटारसी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने थाना केसला का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के रिकॉर्ड से लेकर पुलिस स्टाफ की समस्याओं तक का गहन अवलोकन किया।
रिकॉर्ड और मालखाने की हुई गहन जांच
एसडीओपी श्री मिश्रा ने थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान अपराध पंजी, मर्ग रजिस्टर और विभिन्न महत्वपूर्ण फाइलों की बारिकी से जांच की। उन्होंने लंबित अपराधों और शिकायतों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इन प्रकरणों का निराकरण समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाने के मालखाने का भी निरीक्षण किया और वहां रखी सामग्री के रखरखाव व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्टाफ से चर्चा कर बढ़ाया मनोबल
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने केवल कागजी कार्रवाई ही नहीं देखी, बल्कि थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाने में उपस्थित पुलिस बल से सीधे संवाद किया और उनकी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
बेहतर पुलिसिंग के लिए दी समझाइश
श्री मिश्रा ने उपस्थित पुलिस स्टाफ को बेहतर कार्यशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने थाना व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इनका कहना है…
पुलिसिंग को और अधिक जनहितैषी और प्रभावी बनाने के लिए रिकॉर्ड का अप-टू-डेट होना और स्टाफ का मानसिक रूप से सुदृढ़ होना आवश्यक है।
— वीरेंद्र कुमार मिश्रा, एसडीओपी इटारसी
रिपोर्ट : रितेश राठौर, केसला










