इटारसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बाजार को व्यवस्थित करने के लिए मंगलवार को नगर पालिका परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
हाल ही में एक समीक्षा बैठक के दौरान विधायक द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों का पालन करते हुए, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री सुरेखा जाटव के नेतृत्व में राजस्व और अतिक्रमण दल ने सुबह से ही सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
फल विक्रेताओं का विस्थापन और सामान की जब्ती

सड़क और सार्वजनिक जगहों पर यातायात बाधित करने वाले फल विक्रेताओं और हाथ ठेला संचालकों को समझाइश देकर उन्हें महर्षि वाल्मीकि फल बाजार में निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्ग और फुटपाथ पर ठेले लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर नियम विरुद्ध रखे गए अतिक्रमण के सामान को नगर पालिका की टीम द्वारा हटाकर जब्त कर लिया गया।
जुर्माना वसूली और भविष्य के लिए चेतावनी
इस सघन अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 32 रसीदें काटकर ₹18,600 का जुर्माना वसूला गया। सीएमओ ने संबंधित अमले को नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं और व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन करें। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर आगे भी सड़कों या फुटपाथ पर अतिक्रमण पाया गया, तो यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










