इटारसी। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की 113वीं बैठक में होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्र के किसानों और कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोडऩे के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। बैठक में उन्होंने स्थानीय कृषि उत्पादों के निर्यात और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
बासमती धान और जीआई उत्पादों को वैश्विक पहचान
सांसद चौधरी ने मध्य प्रदेश के बासमती धान को जीआई पहचान दिलाने के लिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण, गुणवत्ता परीक्षण और तकनीकी डोजियर तैयार करने की दिशा में समयबद्ध पहल करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने नरसिंहपुर के जीआई गुड़, बरमान घाट बैंगन और गाडरवारा की तुअर दाल के मानकीकरण, ब्रांडिंग और परीक्षण निर्यात की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
सांसद ने नर्मदापुरम में आयोजित क्षमता निर्माण कार्यक्रम के आधार पर मूंग, चावल, मिलेट और तुअर के लिए उत्पादवार निर्यात कार्ययोजना की मांग की। उन्होंने एफपीओ और सहकारी समितियों को निर्यातकों से जोड़कर ट्रायल एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट भेजने और क्षेत्र में किसानों के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता परीक्षण व ट्रेसबिलिटी की सुविधा विकसित करने का आग्रह किया।
निर्यात अवसंरचना और बायर-सेलर मीट का प्रस्ताव
क्षेत्र में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सांसद ने एकीकृत पैक हाउस, दलहन ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करने की संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने क्षेत्र के किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने तथा नर्मदापुरम या नरसिंहपुर में एपीडा के सहयोग से जिला स्तरीय बायर-सेलर मीट आयोजित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।











