इटारसी। शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर खंडवा के नवचंडी में महेंद्र गंगाराम योगी के सान्निध्य में गरबा रास प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें इटारसी के अप्सरा गरबा ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया।
ग्रुप के सदस्य अमन दास ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 16 गरबा ग्रुपों ने भाग लिया था। सभी ग्रुपों ने उत्साह और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति दी, लेकिन अप्सरा ग्रुप की लयबद्ध, आकर्षक व मनमोहक प्रस्तुति ने निर्णायकों और दर्शकों का मन जीत लिया।
निर्णायकमंडल ने सभी प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के बाद अप्सरा गरबा ग्रुप को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। ग्रुप की इस उपलब्धि से इटारसी शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है। सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने अप्सरा गरबा ग्रुप के सदस्यों को उनकी इस सफलता पर बधाई दी है।








