इटारसी। पुरानी इटारसी स्थित आर्चरी नोडल खेल विद्यालय में रविवार को एक दिवसीय विशेष आर्चरी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में मध्यप्रदेश आर्चरी अकादमी, जबलपुर के अनुभवी एवं विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित कोच अशोक कुमार यादव के मार्गदर्शन का लाभ 19 बालिकाओं और 13 बालकों सहित कुल 32 खिलाड़ियों को मिला।
खेल एवं युवक कल्याण विभाग की सहायक संचालक वाणी साहू और जिला खेल अधिकारी आशीष पांडे के सहयोग से आयोजित इस सत्र में खिलाड़ियों को तीरंदाजी की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान कोच अशोक यादव ने खिलाड़ियों को इंडियन, रिकर्व और कंपाउंड राउंड की तकनीकों का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने सांसों पर नियंत्रण, लक्ष्य पर एकाग्रता, धनुष पकड़ने का सही तरीका, शरीर का संतुलन और शूटिंग के दौरान अपनाई जाने वाली मुद्राओं की विस्तार से जानकारी दी। अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों की कमियों को व्यक्तिगत रूप से सुधारने पर विशेष जोर दिया गया।
इस शिविर में विद्यालय के प्रभारी अश्वनी मालवीय, प्रशिक्षक अनुष्का दीक्षित, गीतांजलि मेहरा, अक्षत अग्रवाल, निधि तिवारी के साथ ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इटारसी से नीरज चौहान और मुकेश कराडिया ने भी शिरकत की। समापन अवसर पर कोच यादव ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन का संदेश देते हुए भविष्य में भी हरसंभव मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।











