इटारसी। नोडल खेल विद्यालय, पुरानी इटारसी में तीरंदाजी का विशेष प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ। मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक व विश्वामित्र अवॉर्डी कोच अशोक कुमार यादव ने खिलाड़ियों की तकनीकी कमियों को दूर किया।शुरुआत में खिलाड़ी अधिक दूरी पर सटीक निशाना नहीं लगा पा रहे थे।
कोच यादव ने धनुष पकड़ने, एल्बो की दिशा और शरीर का संतुलन सुधारने के टिप्स दिए। उन्होंने तीरंदाजी के अंतरराष्ट्रीय 9 चरणों स्टांस, नॉकिंग, सेट, ड्रॉ, एंकर, ट्रांसफर-होल्ड, एमिंग, आफ्टर होल्ड और फॉलो थ्रू का गहन अभ्यास कराया। इसके प्रभाव से शाम तक खिलाड़ियों के निशाने काफी सटीक हो गए।कोच यादव ने खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा और भविष्य में भी निशुल्क प्रशिक्षण देने की बात कही।
विद्यालय प्रभारी अश्वनी मालवीय ने खेल विभाग (मप्र), श्रीमती वाणी साहू और जिला खेल अधिकारी आशीष पांडे का आभार जताया। सत्र में प्राचार्य श्रीमती सपना गिरधारी सहित कई सीनियर खिलाड़ी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











