- कांग्रेस सरकार में महिलाओं के लिये सबसे अधिक योजनाएं
- कमलनाथ सरकार में महिला अत्याचारों में आई सर्वाधिक कमी
नर्मदापुरम। सबसे पहले हम हनुमान भक्त कमलनाथ का आभार व्यक्त करते हैं कि आज कुछ देर पहले छिंदवाड़ा के परासिया में उन्होंने नारी सम्मान योजना का शुभारंभ किया। कमलनाथ ने हजारों महिलाओं की उपस्थिति में आयोजित महिला सम्मेलन में कांग्रेस की नारी सम्मान योजना के बारे में जानकारी दी।
कांग्रेस सरकार बनते ही इस योजना के तहत महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह आर्थिक सहायता और 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जायेगा। कांग्रेस सरकार महिलाओं को सालाना 18000 रुपए देगी तो दूसरी तरफ मौजूदा कीमतों पर हर सिलेंडर पर महिलाओं को 600 रुपए से अधिक की बचत होगी। यानी सालाना लगभग 25 हजार रुपये की बचत होगी। आज से ही पूरे प्रदेश में नारी सम्मान योजना के फार्म भरना शुरू हो जायेंगे। इस कार्य में कांग्रेस पार्टी के बूथ पदाधिकारी, मंडलम और सेक्टर के पदाधिकारी, ब्लाक और विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
यह बात आज जिला मुख्यालय नर्मदापुरम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हमें आशा ही नहीं विश्वास है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और नारी शक्ति को नारी सम्मान योजना के माध्यम से महंगाई से राहत मिलेगी। महंगाई पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि दूध के दाम एक साल में 30 प्रतिशत, देशी घी के दाम 25 प्रतिशत, बिजली की कीमतें 200 प्रतिशत अधिक, डीजल-पेट्रोल के दाम 60 प्रतिशत अधिक, खाने-पीने की वस्तुएं 100 प्रतिशत से अधिक महंगी हो चुकी हैं। बच्चों की पढ़ाई की फीस हो, भवन निर्माण सामग्री हो, कपड़ों की कीमत हो, मोबाईल रीचार्ज की कीमत हो, हर चीज की कीमतें आसमान छू रही हैं। महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं को झेलना पड़ता है।
हम अपनी बहनों को बताना चाहते हैं कि नारी सम्मान योजना तो कमलनाथ की ओर से महिलाओं के सम्मान में दी गई पहली भेंट है। जब कांग्रेस पार्टी का वचन पत्र आपके सामने आयेगा तो आपको इससे भी महत्वपूर्ण नारी हितैषी योजनाएं देखने को मिलेंगी। आज हम इतना ही कह सकते हैं कि मातृ शक्ति के लिए जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक सम्मान से जीवन यापन का इंतजाम करने के लिए कमलनाथ कृत संकल्पित हैं। जब कमलनाथ की सरकार बनी थी तो कन्याओं के विवाह में दी जाने वाली आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 51 हजार रुपए किया था, वृद्ध महिलाओं को दी जाने वाली पेंशन बढ़ा दी थी, विधवा महिलाओं की पेंशन बढ़ा दी थी, मेधावी छात्राओं के लिए नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था की थी। कमलनाथ ने इंदिरा गृह ज्योति योजना के तहत 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली उपलब्ध करायी थी।
इस योजना को प्रदेश की महिला विरोधी शिवराज सिंह चौहान सरकार ने समाप्त कर दिया। आज स्थिति यह है कि लोगों के हजारों रुपए के बिजली बिल आ रहे हैं। पांच महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही वे सारे वादे पूरे होंगे, जो कमलनाथ ने किये हैं। हमारी बहनों को बस इतना सहयोग करना है कि वे नारी सम्मान योजना का फार्म ध्यानपूर्वक भरें।
पत्रकार वार्ता में विधायक पी सी शर्मा, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राधा सुधीर पटेल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस संभाग प्रभारी मंजू राज, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्या शाह, जिला संगठन मंत्री मधुसूदन यादव, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कपिल फौजदार,सत्येंद्र फौजदार, कांग्रेस नेता महेंद्र शर्मा, पार्षद मीना वर्मा, कुसुम तोमर,कार्यकारी अध्यक्ष जिला कांग्रेस शिवराज चंद्रोल, नपा नेता प्रतिपक्ष अनोखी राजोरिया, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजकुमार केलू उपाध्याय, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सैनी, नर्मदापुरम ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष सीमा श्रीवास, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग प्रदेश सचिव राहुल दुबे उपस्थित थे।