• डॉ. सीताशरण शर्मा और नपाध्यक्ष पंकज चौरे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम
• शाला परिवार ने स्कूल के कायाकल्प के लिए पूर्व विधायक और जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
इटारसी। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिकता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज, 7 जुलाई 2026 को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज में ‘अटल टिंकरिंग लैब’ का भव्य लोकार्पण किया।
यह कार्यक्रम पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, विधायक प्रतिनिधि जसबीर सिंह छाबड़ा और वरिष्ठ समाजसेवी जय किशोर चौधरी के आतिथ्य में हुआ। लोकार्पण के साथ ही अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल एवं स्कूल बैग का भी वितरण किया गया।
लैब से निखरेगी छात्राओं की वैज्ञानिक सोच
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उच्च माध्यमिक शिक्षक महेश कुमार मालवीय से अटल टिंकरिंग लैब की कार्यप्रणाली को समझा और इससे छात्राओं को मिलने वाले तकनीकी व वैज्ञानिक लाभों की जानकारी ली। इसके पश्चात नपा अध्यक्ष पंकज चौरे सहित अतिथियों ने स्टाफ रूम में बैठकर शिक्षकों से विद्यालय की समस्याओं पर चर्चा की और उनके शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। नपा अध्यक्ष ने शाला के विकास में हर संभव सहयोग का संकल्प दोहराया।
कायाकल्प के लिए जताया आभार
संस्था के प्राचार्य विनय कुमार सोनिया एवं समस्त स्टाफ ने पूर्व में डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए कराए गए सड़क निर्माण और जर्जर कमरों की मरम्मत के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही, संस्था के कार्यों में सदैव सक्रिय सहयोग देने वाले विधायक प्रतिनिधि जसबीर सिंह छाबड़ा का भी विशेष रूप से आभार माना। संचालन श्रीमती अनुराधा मिश्रा ने किया। बैग वितरण में शिक्षक महेश कुमार रायकवार ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर खेल शिक्षक विनोद दुबे, ओ.पी. तिवारी, महेश कुमार मालवीय, श्रीमती उइके, प्रीति शिवहरे, गीता सुथार, अभिलाषा खत्री, संगीता ठाकरे, सविता चौरे, ममता शुक्ला, अर्चना सिंह, श्रीदेवी सराठे, रेखा तोमर, हरीश पटेल, लेखपाल श्याम कुमार दुबे, श्रीमती लाइका खान सहित शाला का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।











