इटारसी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी की एनसीसी इकाई द्वारा उमंग केंद्र के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधि एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उमंग काउंसलर एवं जेएसआर, इटारसी के श्री त्रिलोक मनवारे ने एनसीसी कैडेट्स को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा तनाव प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. रश्मि तिवारी, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. मनीष कुमार चौरे तथा एनसीसी सीटीओ श्रीमती श्रुति अग्रवाल उपस्थित रहे। व्याख्यान के दौरान त्रिलोक मनवारे ने कैडेट्स को मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपायों, तनाव के प्रमुख कारणों, उसके लक्षणों तथा तनाव को कम करने के सरल एवं प्रभावी तरीकों से अवगत कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने, सकारात्मक सोच विकसित करने, नियमित दिनचर्या अपनाने, पर्याप्त नींद लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव अथवा भावनात्मक परेशानी होने पर अपनी समस्याओं को परिवार के सदस्यों, शिक्षकों या काउंसलर के साथ साझा करना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित परामर्श एवं सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत कैडेट्स को ‘मनहित’ ऐप की जानकारी दी गई तथा ऐप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही ‘जस्ट आस्क’ चैटबॉट के बारे में भी बताया गया, ताकि विद्यार्थी अपनी स्वास्थ्य समाधान के लिए उपलब्ध डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के कौशल विकसित करना तथा मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं की स्थिति में समय पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन के लिए आवश्यक है।











