इटारसी। विश्व पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत आज पश्चिम मध्य रेलवे के डीजल लोको शेड इटारसी में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सुबह 11 बजे अधिकारियों, वरिष्ठ पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति में शुद्ध पर्यावरण के संदेश के साथ एक पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च डीजल लोको शेड से शुरू होकर रेलवे कॉलोनी, ऑफिसर रेस्ट हाउस और सीनियर इंस्टीट्यूट होते हुए वापस शेड परिसर में समाप्त हुआ।
इस दौरान शेड में उत्पन्न होने वाले ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरे) के सही पृथक्करण और सुरक्षित निस्तारण को लेकर कर्मचारियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने ई-वेस्ट प्रबंधन से संबंधित एक लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की तकनीक बताई। सभी रेलकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।












