सिवनी मालवा। महाविद्यालय में सोमवार 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम का आरंभ कॉमर्स विभाग के प्रमुख अनूप बार्वे द्वारा विश्व एड्स दिवस के उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि एड्स को लेकर जागरूकता फैलाना आज की प्रमुख सामाजिक जिम्मेदारी है, क्योंकि सही जानकारी ही इससे बचाव का मूल उपाय है।
युवा वर्ग को इस दिन जागरूक करना मुख्य उद्देश्य होना चाहिए क्योंकि उनको इस विषय में कोई जानकारी नहीं दी जाती। माता-पिता भी उन्हें जानकारी देना उचित नहीं समझते, जिसका परिणाम यह होता है कि युवा वर्ग एड्स बीमारी के शिकार हो जाते हैं, इसलिए युवा वर्ग को एड्स के बारे में संपूर्ण जानकारी होना आवश्यक है। विश्व एड्स दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य एचआईवी से संबंधित बीमारियों से मरने वालों को याद करने और एचआईवी पॉजिटिव के साथ रहने वालों का समर्थन करना है।
इसी के साथ कला विभाग के श्री मेहता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व एड्स दिवस एड्स जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने की मुहिम है। वर्ष 2025 की थीम है, बाधाओं पर विजय, एड्स प्रतिक्रिया में परिवर्तन। यह थीम ये भी बताती है, कि एड्स से जुड़ी शर्म, डर और सामाजिक दूरी को समाप्त करना कितना जरूरी है। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थी स्वस्थ, सुरक्षित, और जागरूक समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।








