इटारसी। खेडा स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) कार्यालय की तत्परता और सर्पमित्रों की मदद से ग्राम टिगरिया में एक अत्यधिक जहरीले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। यह सांप एक ग्रामीण के घर में बने गाय के शेड की पानी की टंकी में गिर गया था।
घटना का विवरण और रेस्क्यू ऑपरेशन
एसटीआर कार्यालय को ग्राम टिगरिया निवासी राधेश्याम महंत के घर से सूचना मिली थी कि उनके गोशाला (शेड) में रखी गायों के पानी पीने की टंकी में एक सांप गिर गया है। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री अभिषेक शर्मा के निर्देशन में वन्य जीव अभिरक्षक अभिजीत यादव और सर्पमित्र अभय चौरे तत्काल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पाया कि टंकी में गिरा सांप ‘इंडियन ब्लैक कोबरा’ का बच्चा (बेबी कोबरा) है, जो कि न्यूरोटॉक्सिक और अत्यधिक घातक होता है।

टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए इस खतरनाक बेबी कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे पानी की टंकी से बाहर निकाला। इसके पश्चात सांप को पुनर्वास के लिए वन परिक्षेत्र के एक सुरक्षित प्राकृतिक आवास में सफलतापूर्वक रिलीज कर दिया गया। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, वहीं एक वन्यजीव को भी सुरक्षित जीवनदान मिल गया।











