सिवनी मालवा। नवरात्रि पर्व और गरबा आयोजनों में मर्यादा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने सिवनी मालवा प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने इन आयोजनों में मर्यादित ड्रेस कोड, धार्मिक गीतों का उपयोग और गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने जैसी मांगों को उठाया है।
विहिप के नगर मंत्री सुशील गोहर ने बताया कि यह ज्ञापन तहसीलदार कार्यालय में अनुविभागीय दंडाधिकारी जय सिंह सोलंकी को सौंपा गया। इस दौरान विहिप के प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख शिव राठौर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण अवस्थी और बजरंग दल के नगर सह-संयोजक देव बाथब भी मौजूद थे।
ज्ञापन की मुख्य मांगें
- मर्यादित ड्रेस कोड : गरबा कार्यक्रमों में मर्यादित ड्रेस कोड को अनिवार्य किया जाए।
- धार्मिक गीत : आयोजनों में केवल धार्मिक और मर्यादित गीत ही बजाए जाएं। अश्लील या आपत्तिजनक गानों पर पूरी तरह से रोक लगे।
- प्रवेश पर रोक : धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखने के लिए गैर-हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए।
- आईडी जांच : प्रवेश के समय हर व्यक्ति की फोटो पहचान पत्र (आईडी) की जांच अनिवार्य हो।
- तिलक : सभी प्रतिभागियों को हिंदू परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर ही गरबा स्थल में प्रवेश दिया जाए।
- महिला सुरक्षा : आयोजन स्थल पर महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई आयोजन समिति इन नियमों का पालन नहीं करती है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्राथमिक दर्ज की जाए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन शर्तों पर ही आयोजनों की अनुमति दी जाए ताकि नवरात्रि पर्व की गरिमा और सांस्कृतिक पवित्रता बनी रहे। ज्ञापन देने वालों में विहिप और बजरंग दल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।








