इटारसी। अनुविभाग में खरीफ फसल की कटाई के दौरान पर्यावरण प्रदूषण, वायु गुणवत्ता में गिरावट और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी नीलेश कुमार शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत खेतों में फसल के अवशेष (नरवाई/पराली) में आग लगाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही, क्षेत्र में संचालित होने वाले सभी हार्वेस्टर मशीनों में ‘क्रॉप स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम’ (एस.एम.एस) का होना अनिवार्य किया गया है।
आदेश का उल्लंघन करने या खेतों में नरवाई जलाने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार 2 एकड़ से कम भूमि पर ₹2,500, 2 से 5 एकड़ भूमि पर ₹5,000 और 5 एकड़ से अधिक भूमि पर ₹15,000 तक की पर्यावरण क्षतिपूर्ति वसूली जाएगी। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 एवं अन्य सुसंगत नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।










