इटारसी। बंसकार समाज की समस्याओं और उनके पारंपरिक व्यवसाय पर मंडराते आर्थिक संकट को लेकर पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि दीपक बस्तवार ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को उन्होंने नर्मदापुरम जिले में बांस की भारी कमी और आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर मध्य प्रदेश शासन के वन मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
कोटे के अनुरूप नहीं मिल रहा बांस
भाजपा नेता दीपक बस्तवार ने बताया कि बंसकार समाज के लोग पूरी तरह से बांस शिल्प और इससे जुड़े व्यवसाय पर निर्भर हैं। सरकारी नियमों के अनुसार, प्रत्येक बहीधारक को वर्ष भर में 1500 से 2000 बांस की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। विडंबना यह है कि चालू वर्ष में अब तक केवल एक ट्रक बांस ही उपलब्ध हो पाया है। बांस की इस भारी किल्लत के कारण समाज के सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। समय पर कच्चा माल न मिलने से उनका पुश्तैनी काम ठप पड़ा है और वे गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करने को मजबूर हैं।
रेंज ऑफिस में रेंजर को सौंपा ज्ञापन
इस गंभीर समस्या के त्वरित निराकरण हेतु दीपक बस्तवार अपने साथियों के साथ इटारसी वन विभाग के रेंज ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने रेंजर अभिषेक शर्मा को वन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग की कि नर्मदापुरम जिले में बांस की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से सुचारू की जाए, ताकि बंसकार समाज को उनका निर्धारित कोटा मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से जगदीश बस्तवार, देव गौर, संदीप बंसकार, लक्खू भदरेले और सानू कुमार सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। रेंजर अभिषेक शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित माध्यम से मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।








