इटारसी / केसला। आदिवासी ब्लॉक केसला के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरिया खुर्द से एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद इस कदर हिंसक रूप ले बैठा कि एक देवरानी ने गुस्से में आकर अपनी ही जेठानी के कान को दांतों से चबा डाला। हमला इतना खौफनाक था कि जेठानी का लगभग 90 प्रतिशत कान कटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीडि़ता का अब अस्पताल में कान का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
मामूली कहासुनी बनी खौफनाक हिंसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया खुर्द में देवरानी कलाबाई और जेठानी रवीना के बीच खेत में बंटाई को लेकर बढ़ा विवाद मामूली कहासुनी से हिंसक हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि देवरानी अपना आपा खो बैठी। गुस्से में देवरानी ने हमलावर होकर जेठानी को पकड़ा और उसके कान को अपने दांतों से जोर से दबाकर चबा लिया। जेठानी रवीना के अनुसार उसने पुलिस को इसकी शिकायत की है।
डॉक्टर करेंगे कान का पुनर्निर्माण
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीडि़ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के मुताबिक कान का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा बुरी तरह चबाया जा चुका है, जिसकी वजह से अब कान की प्लास्टिक सर्जरी/रिकंस्ट्रक्शन प्रक्रिया की जाएगी ताकि उसका आकार वापस लाया जा सके। ग्रामीण क्षेत्र में हुए इस अनोखे और हिंसक वारदात से हर कोई स्तब्ध है। पारिवारिक कलह में इस तरह की हैवानियत की चर्चा पूरे अंचल में बनी हुई है।










