नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने महिला थाना नर्मदापुरम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला थाना प्रभारी निरीक्षक राखी मौर्य से थाने में पदस्थ बल की संख्या, दैनिक कार्यप्रणाली तथा पुलिसकर्मियों को कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली।
आयोग सदस्य ने थाने में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित लंबित अपराधों की वर्तमान स्थिति और विभिन्न प्रकरणों में पीडि़तों को प्रदान की गई शासकीय राहत राशि की भी विस्तृत समीक्षा की। थाना स्टाफ के बेहतर प्रदर्शन और कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रभारी निरीक्षक व समस्त पुलिसकर्मियों की सराहना की और शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने महिला थाना परिसर में पौधरोपण किया।










