इटारसी। मध्यप्रदेश शासन से मान्यता प्राप्त मध्यप्रदेश सिंचाई जलसंसाधन विभाग स्पोर्ट्स क्लब के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में बसारत खान ने इतिहास रच दिया है। तवानगर में हुई लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया में वे लगातार छठवीं बार निर्विरोध क्षेत्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। स्पोर्ट्स क्लब के इतिहास में लगातार छह बार अध्यक्ष बनकर उन्होंने डबल हैट्रिक का एक अनूठा और नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
पारदर्शी प्रक्रिया के बीच निर्विरोध निर्वाचन
चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले पूर्व अध्यक्ष बसारत खान ने अपनी पुरानी कार्यकारिणी को भंग किया। इंदौर से आए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बसंत कुमार कोशल, सहायक निर्वाचन अधिकारी आनंद वर्मा और माइक्रो ऑब्जर्वर मुईन उद्दीन कुरैशी की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। निर्धारित समय तक केवल बसारत खान का ही एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ। उनके नाम का प्रस्ताव महेंद्र ओगले ने रखा, जबकि अशोक शर्मा और वासू वरीवे ने इसका समर्थन किया। जांच में फॉर्म सही पाए जाने के बाद उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध विजेता घोषित किया गया।
इसी वर्ष नर्मदापुरम को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद खिलाडिय़ों और समर्थकों के हुजूम ने बसारत खान का स्वागत किया। इस मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष के अंत में नर्मदापुरम को अंतर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता के भव्य आयोजन की बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों और सदस्यों से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की, जिस पर सभी ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष व प्रभारी महेंद्र ओगले सहित खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।











