इटारसी। केसला ब्लॉक से जुड़े ग्राम कोहदा के जंगल में गाय चराने गए एक आदिवासी युवक पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। जनपद सदस्य रजनी/संतोष सल्लाम ने बताया कि पीडि़त दिलीप कुमरे पिता साहबलाल कुमरे रोज की तरह मवेशी चराने जंगल गया हुआ था। इसी दौरान झाडिय़ों से अचानक निकले भालू ने उस पर हमला कर लहूलुहान कर दिया।
घायल युवक को गंभीर हालत में तुरंत सुखतवा के शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर कर दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीडि़त आदिवासी परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, इसलिए वन विभाग तत्काल संज्ञान लेकर घायल के संपूर्ण इलाज का खर्च और उचित मुआवजा प्रदान करे। इस मामले में रेंजर नीरज शर्मा ने बताया कि घायल के परिजनों से बात हो गयी है, नियमानुसार विभागीय जो भी मदद होती है, वह की जा रही है।










