दशहरा मैदान जाने से पूर्व परेशानी से बचने जान लें, ऐसी रहेगी व्यवस्था

दशहरा मैदान जाने से पूर्व परेशानी से बचने जान लें, ऐसी रहेगी व्यवस्था

– इस वर्ष श्री राम मंच से रावण के पुतले को मारेंगे अग्निबाण
मातृशक्ति व बच्चों के बैठने के लिए होगा पिंक जोन
– शाम 7 बजे गांधी मैदान में, सूखा सरोवर में रात 8 बजे जलेगा पुतला
– नपाध्यक्ष, एसडीएम, सीएमओ व टीआई ने बनाया प्लान, मैदान का किया निरीक्षण
इटारसी। इस वर्ष श्रीरामलीला (Shri Ramlila) के अंतर्गत होने वाला दशहरा महोत्सव (Dussehra Festival)बहुत खास और नया होने वाला है। इस वर्ष श्री राम मंच से ही अग्निबाण (Agniban) रावण (Ravana) को मारेंगे, जो 120 मीटर दूर रावण की नाभी में मौजूद अमृत कुंड में जाकर लगेगा। वहीं इस वर्ष मातृशक्ति के मैदान में बैठने के लिए अलग व्यवस्था होगी। एक पिंक जोन (Pink Zone) बनाया है जिसमें महिलाएं, युवतियों, बच्चे बैठेंगे। महिला पुलिस यहां सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगी।
इस वर्ष नगरपालिका परिषद (Municipal Council)समय पर शाम 07 बजे गांधी मैदान में रावण दहन करेगी। वही पुरानी इटारसी सूखा सरोवर (Old Itarsi Sukha Sarovar) में रात 8 बजे रावण दहन होगा। मंगलवार सुबह 11 बजे दशहरा महोत्सव की तैयारी के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के साथ में एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, सीएमओ हेमेश्वरी पटले, टीआई राम सनेही चौहान ने गांधी मैदान (Gandhi Maidan) का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की तैयारियां देखी।

मंच से ही रावण के पुतले को मारेंगे अग्नि बाण

इस वर्ष रामलीला में विशेष आकर्षण राम रावण युद्ध और रावण पुतला दहन होगा। रामजी इस बार मैदान में दर्शकों के बीच से रावण के पास न जाकर सीधे मंच से ही रावण को अग्निबाण मारेंगे। यह दूरी करीब 120 मीटर की होगी। इस नए प्रयोग के लिए दो दिनों से प्रैक्टिस गांधी मैदान पर चल रही है।

गांधी मैदान में होगी दर्शक बैठक व्यवस्था

  • – बैठक व्यवस्था की पहली पंक्ति में मुख्य व विशेष अतिथि, पार्षद व अन्य गणमान्य नागरिक बैठेंगे।
  • – मातृशक्ति व बच्चों के बैठने के लिए विशेष पिंक जोन होगा। जहां महिला पुलिस सुरक्षा के लिए मौजूद रहेंगी।
  • – बैठक व्यवस्था के तृतीय फेस में कॉमन एरिया होगा, जहां सभी बैठ सकेंगे।

40 फीट ऊंचा होगा रावण

रावण दहन के लिए पुतला 40 फीट ऊंचाई का बनाया गया है। रावण के साथ उसका पुत्र मेघनाथ और भाई कुंभकरण के पुतले भी जलेंगे। दहन के समय आतिशबाजी भी होगी।

7 बजे समय पर होगा रावण दहन

रावण दहन इस वर्ष समय पर 07 बजे होगा। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, टी आई राम स्नेही चौहान ने दोनो समितियों से व्यक्तिगत तौर पर चर्चा करते हुए समय पर आने का आग्रह किया है।

यहां होगी वाहन पार्किंग

टीआई राम स्नेही चौहान ने बताया कि रेलवे स्टेशन सूरजगंज मुख्य मार्ग रेस्ट हाउस के पास से शाम 6 बजे से रावण दहन तक फ्रेंड्स स्कूल (Friends School) तिराहे के पास तक बंद रहेगा। रावण दहन व लीला देखने आने वाले नागरिक गांधी मैदान में पैदल पहुंचेंगे। नागरिकों के वाहनों की पार्किंग के लिए रेस्ट हाउस के साइड के दोनों रोड, अटल पार्क के साइड के दोनों रोड और फ्रेन्डस स्कूल का मैदान रहेगा। मुख्य बाजार क्षेत्र में जिन रास्तों से मां दुर्गा दुर्गा चौक की प्रतिमा और गुरुद्वारा वाली मां काली की प्रतिमा गांधी मैदान तक आएंगी। उन रोड पर भी वाहनों की पार्किंग नहीं होगी। वही गांधी स्टेडियम (Gandhi Stadium) के शॉपिंग कामपलेक्स (Shopping Complex) के दुकानदारों से भी कहा जाएगा कि वह अपने अपने वाहन दशहरे के दिन अन्य स्थान पर पार्क करें।

ऐसी होगी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था

गांधी मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस शानदार बंदोबस्त करेगी, महिला पुलिस विशेष रूप से यहां तैनात होंगी। इसके अलावा गांधी मैदान के सभी गेट खोले जाएंगे और फ्रेन्डस स्कूल साइड से भी गेट को खोला जाएगा। दो दमकल भी गांधी मैदान में मौजूद रहेगी।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!