इटारसी। शहर के वार्ड 27, पोर्टरखोली क्षेत्र में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है। तड़के एक युवक ने घर की बाउंड्रीवॉल फांदकर आंगन में सूख रहे कपड़ों पर हाथ साफ किया, जिससे क्षेत्र के रहवासियों में असुरक्षा और हैरत का माहौल है।
सीसीटीवी में कैद हुई हरकत
घटना आज सोमवार तड़के करीब 4:45 से 5:00 बजे के बीच की है। बजरंगपुरा स्थित राहुल दुबे के निवास पर एक अज्ञात युवक बड़ी फुर्ती से आया और बाउंड्रीवॉल पर चढ़कर घर के भीतर दाखिल हो गया। आहट पाकर जब घर के सदस्य जागे और आवाज दी, तो युवक घबराने के बजाय आंगन में सूख रहे दो अंडरगारमेंट्स उठाकर तेजी से भाग निकला।
मानसिक विक्षिप्त होने की आशंका
मकान मालिक राहुल दुबे ने बताया कि इस तरह की घटना पहले भी एक बार घटित हो चुकी है। उस वक्त एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ऐसी हरकत करते पाया गया था, जिसे समझा-बुझाकर भगा दिया गया था। हालांकि, इस बार भी पीडि़त पक्ष ने अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ा डर
भले ही चोरी गई वस्तु की कीमत अधिक न हो, लेकिन सुबह के वक्त घर की सीमा में इस तरह घुसपैठ करने से मोहल्ले में डर का माहौल है। लोगों का सवाल है कि आखिर कौन व्यक्ति इतनी सुबह इस तरह की अजीब हरकत कर रहा है और क्या यह किसी बड़ी वारदात की पूर्व तैयारी तो नहीं?










