केसला, रितेश राठौर। आदिवासी विकासखंड केसला क्षेत्र में इन दिनों ठगी का एक बेहद शातिर तरीका सामने आया है। एक अज्ञात जालसाज खुद को विद्युत मंडल का लाइनमैन बताकर भोले-भाले ग्रामीणों की जेब साफ कर रहा है। सोमवार, 30 मार्च को इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ऐसे दे रहा है ठगी को अंजाम
यह ठग बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर गांवों में घुसता है और बिल बकाया होने या कनेक्शन काटने का डर दिखाकर अवैध वसूली करता है।
- जालीखेड़ा : यहां कई उपभोक्ताओं से 1400-1400 की वसूली की गई।
- नंदीपुर : सोमवार को इस शातिर ठग ने एक ही गांव से 6000 की मोटी रकम ऐंठ ली।
फोटो खींचते ही खुला राज
ठगी का यह खेल तब उजागर हुआ जब एक जागरूक उपभोक्ता ने इस संदिग्ध व्यक्ति की फोटो खींच ली। जब यह फोटो असली लाइनमैन को दिखाई गई, तो पता चला कि उक्त व्यक्ति का बिजली विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। वर्तमान में विद्युत मंडल केसला द्वारा इस ठग की फोटो ग्रामीणों के बीच साझा की जा रही है ताकि इसे पकड़ा जा सके।
विद्युत मंडल की सख्त अपील, न दें किसी को नकद राशि
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बिजली बिल के नाम पर पैसा न दें। भुगतान के लिए केवल अपने क्षेत्र के अधिकृत एवं परिचित लाइनमैन को ही भुगतान करें। सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि सीध विद्युत मंडल कार्यालय केसला में जाकर अपना बिल जमा करें। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दबाव बनाने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
यदि आपको कोई संदिग्ध व्यक्ति वसूली करते दिखे, तो तुरंत इन नंबरों रविंद्र यादव 7999144268, राहुल चौरे 7415631130 और नीरज मालवीय 8871147710 पर संपर्क करें।










