- – मेहरागांव की पहाड़ी नदी किनारे बने कृत्रिम जलकुंड पर हो रहा है मूर्तियों का विसर्जन
- – नगर पालिका परिषद ने की प्रकाश, सफाई की व्यवस्था, पुलिस ने किये सुरक्षा इंतजाम
- – नगर प्रशासन आला अधिकारियों ने विजर्सन स्थल पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
इटारसी। आज एकादशी के दिन शहर में दुर्गा उत्सव के दौरान विराजीं ज्यादातर मूर्तियों का विसर्जन हो रहा है। उत्सव समितियां मां दुर्गा, भोलेबाबा, साईंनाथ और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का विसर्जन कर रहे हैं। तरुण दुर्गा उत्सव समिति मालवीयगंज के सदस्यों ने आज मां को विदाई दी।
समिति द्वारा माता भगवती की प्रतिमा स्थापना का यह 59 वॉ वर्ष था। उत्सव समिति ने विदाई के पूर्व संपूर्ण उत्सव के दौरान बेहतर व्यवस्था करने और मां की सेवा करने वालों का सम्मान किया। मां की आरती हुई जिसमें मोहल्ले के सैंकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए और नम आंखों से मां को विदाई दी। मां से दुखों को हरने और सुख-समृद्धि प्रदान करने के साथ देश में शांति कायम रखने की प्रार्थना के साथ विदाई दी गई। इटारसी सहित इसके ग्रामीण इलाकों में शनिवार के साथ रविवार को भी शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा को अंतिम विदाई दी गई।
विदाई के वक्त शहर में मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजे के धुन पर मां दुर्गा के भक्त आरती के साथ झूमते हुए मां के जयकारे लगाते हुए मां को विदाई दी। मेहरागांव की पहाड़ी नदी किनारे बने कृत्रिम जलकुंड में माता की प्रतिमाओं का विसर्जन चल रहा है। यहां नगर पालिका परिषद ने टेंट लगाकर, प्रकाश व्यवस्था करके और क्रेन स्थापित करके विसर्जन के लिए इंतजाम किये हैं। विसर्जन स्थल पर पुलिस का भी बेहतर इंतजाम है।
आला अधिकारी भी समय-समय पर विसर्जन स्थल पर जाकर जायजा ले रहे हैं और सुरक्षा के लिए अपने मातहतों को निर्देशित कर रहे हैं। विसर्जन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खुद एसडीएम टी प्रतीक राव, एसडीओपी महेन्द्र सिंह चौहान, टीआई गौरव सिंह बुंदेला, सीएमओ ऋतु मेहरा ने विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर मातहतों को निर्देश दिये हैं।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने भी विसर्जन स्थल पर तमाम इंतजामों की जानकारी लेकर बेहतर से बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये हैं। नगर पालिका परिषद की ओर से रोशनी और साफ सफाई का पुख्ता इंतजाम रहा। पुलिस अधिकारियों ने बलों के साथ पूरे विसर्जन जुलूस पर नजरें रखीं।