इटारसी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा क्षेत्र के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा दिया जा रहा है। कंपनी द्वारा टाइम ऑफ डे योजना के तहत उपभोक्ताओं को मासिक बिजली बिल में अतिरिक्त रियायत प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में, अकेले माह जून 2026 के दौरान इटारसी शहर के कुल 5172 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 4 लाख 85 हजार 588 रुपये की अतिरिक्त छूट का लाभ मिला है।
सोलर आवर में बिजली उपयोग पर 20 प्रतिशत तक छूट
कंपनी के शहर प्रबंधक डेलन पटेल ने बताया कि कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर आवर में बिजली का उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके तहत घरेलू, गैर-घरेलू और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर आवर निर्धारित किया है।
इस दौरान उपयोग की जाने वाली बिजली पर सामान्य दर की तुलना में ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है। विद्युत कंपनी ने सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें, ताकि शासन द्वारा दी जा रही इस वित्तीय रियायत का सीधा लाभ उठा सकें।











