इटारसी। कांग्रेस नेता गुफरान अंसारी ने सोशल मीडिया पर नगरपालिका के एक सभापति द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अंसारी ने कहा कि अयोध्या रामलला मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर दिग्विजय सिंह ने एक सच्चे भक्त के रूप में सवाल उठाए थे, लेकिन सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा के छोटे जनप्रतिनिधि सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए उन पर बचकाना बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने सभापति द्वारा ₹1,11,000 की धमक देने पर तंज कसते हुए एक शेर के जरिए निशाना साधा, “जो खानदानी रईस हैं वो, मिजाज रखते हैं नर्म अपना,तुम्हारा लहजा बता रहा है, तुम्हारी दौलत नई-नई है।”अंसारी ने याद दिलाया कि राघौगढ़ के राजा दिग्विजय सिंह के महल में सालों से अखंड ज्योत जल रही है और उनकी आस्था अटूट है। भाजपा नेता भ्रष्टाचार और सत्ता के नशे में सच को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
2 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या पैदल यात्रा
गुफरान अंसारी ने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए एलान किया कि 2 अक्टूबर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह महाकाल दर्शन के बाद उज्जैन से अयोध्या तक की पैदल यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाले चढ़ावा चोरों का हिसाब होकर रहेगा और चोरों का समर्थन करने वालों को जनता जवाब देगी।










