इटारसी। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आज गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखतवा में ब्लॉक टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इटारसी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीलेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
अंतर्विभागीय समन्वय पर जोर
बैठक में आगामी 28 जून से 30 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। एसडीएम श्री शर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए ताकि विकासखण्ड का कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समस्त अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे 0 से 5 वर्ष तक के अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलाएं।
246 बूथों पर 9 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
केसला विकासखण्ड के मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस मीना ने बैठक में अभियान के तकनीकी और व्यावहारिक आंकड़ों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे विकासखण्ड के गांवों में कुल 246 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बूथों का वर्गीकरण किया है इनमें 23 ‘B’ टाइप और 123 ‘C’ टाइप बूथ शामिल रहेंगे।
इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान क्षेत्र के 9,870 बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी के 300 वैक्सीनेटरों की ड्यूटी लगाई गई है, जो मुस्तैदी से अपनी सेवाएं देंगे।बैठक के अंत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा के अधिकारियों ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।










