इटारसी। केसला थाना अंतर्गत ग्राम सहेली में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों ही पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने परस्पर विरोधी (काउंटर) मामला दर्ज किया है। घटना 26 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पहला मामला : फरियादी राजेश पिता सुंदरलाल लांजीवार निवासी सहेली की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजेश का आरोप है कि आरोपियों सीमा पति राजेश, पदमसिंह नागवंशी, योगेंद्र नागवंशी, नरेंद्र नागवंशी और सूरज पठारिया सभी निवासी इटारसी ने उनके घर के सामने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। घटना में इस पक्ष से राजेश, रघुनाथ, रामरती बाई और रेनू को चोटें आई हैं।
दूसरा मामला : वहीं दूसरे पक्ष की सीमा पति राजेश लांझीवार निवासी सहेली की शिकायत पर पुलिस ने पहले पक्ष के 5 लोगों पर मामला दर्ज किया है। सीमा का आरोप है कि आरोपियों राजेश लांझीवार, तेजराम लांझीवार, संगीता बारसे, अजय बारसे और हेमंत ने उन्हें और उनके परिजनों को अश्लील गालियां दीं और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस पक्ष से सीमा, योगेंद्र, पदमसिंह, जानकी और नरेंद्र नागवंशी घायल हुए हैं। केसला पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला पंजीबद्ध किया है। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।










