इटारसी। शहर के नाला मोहल्ला क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फरियादी के साथ गाली-गलौज करते हुए उनका हाथ मरोड़ दिया, जिससे हाथ में फ्रैक्चर आ गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाबू किराने वाली गली, नाला मोहल्ला निवासी अजब सिंह बघेल पिता बाबूलाल बघेल, उम्र 45 वर्ष अपने घर के सामने मौजूद थे। उसी दौरान आरोपी आशू खान उर्फ बुलबुल और नौशाद दोनों निवासी बाबू किराने वाली गली, नाला मोहल्ला, इटारसी ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।
आरोपियों ने अजब सिंह को गालियां दीं और एक राय होकर उनका हाथ मरोड़ दिया, जिससे हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना के बाद पीडि़त अजब सिंह ने इटारसी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।











