इटारसी। शहर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल में लंबे समय से हड्डी रोग विशेषज्ञ की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, नर्मदापुरम् द्वारा जारी आदेशानुसार, जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम् के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल बडूके अब सप्ताह में एक दिन इटारसी अस्पताल में सेवाएं देंगे।
हर गुरुवार मिलेगी विशेष सुविधा
आम जनता और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। डॉ. अनिल बडूके प्रत्येक गुरुवार को इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में मरीजों का परीक्षण करेंगे। सप्ताह के शेष दिन वे पूर्ववत जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम् में कार्यरत रहेंगे।
क्षेत्रीय मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
इटारसी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों या नर्मदापुरम् जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ की उपलब्धता होने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को काफी राहत मिलेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।










