इटारसी। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार देर रात पुरानी इटारसी के एफसीआई जमानी रोड स्थित काका कुटी क्षेत्र में रात 11:30 से 12 बजे के आसपास 4 से 5 नशेड़ी नाबालिग बदमाशों ने जुझारपुर की ओर आ-जा रहे युवकों को रोककर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सिवनी बानापुरा के विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहतो के भतीजे सहित चार युवक घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया है।
घटना में घायल हुए युवकों का विवरण
सुधांशु मेहतो (20 वर्ष) : पैर, पेट, छाती और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल के बंसल हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
भूपेश रैकवार (19 वर्ष, निवासी चेतन नगर) : बाईं जांघ में चाकू लगा है, जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
आकाश (27 वर्ष, निवासी दीवान कॉलोनी) : दायीं जांघ और कमर के पीछे चाकू के घाव हैं।
दुर्गेश कहार व एक अन्य 16 वर्षीय नाबालिग : कमर और जांघ पर चोटें आई हैं, जिनका इलाज दयाल अस्पताल में जारी है।
बिना किसी दुश्मनी के नशे की हालत में किया हमला
अस्पताल में भर्ती घायल भूपेश और दुर्गेश कहार ने बताया कि उनकी आरोपियों से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। जब वे जुझारपुर रोड से गुजर रहे थे, तभी नशे में धुत 4-5 नाबालिगों ने उन्हें जबरन रोका और बिना किसी कारण के चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। दयाल हॉस्पिटल के डॉ. दयाल के मुताबिक, रात लगभग 11: 45 बजे घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से सुधांशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत भोपाल रेफर कर दिया गया।
दो आरोपी हिरासत में, तीन फरार
थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।











