इटारसी। पुरानी इटारसी की कृष्ण विहार कॉलोनी में भरोसे का कत्ल करते हुए एक दंपत्ति द्वारा करीब 28 तोला सोने के गहने हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मीठा कुआं दुर्गा मंदिर के पास, पुरानी इटारसी निवासी फरियादी बहादुरसिंह 41 वर्ष, पिता गुलाबसिंह चौहान ने अपने सोने के जेवर कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी परिचित संगीता चौरे और मुरारीलाल चौरे के पास भरोसे पर रखे थे।
आरोप है कि यह जेवर 5 अगस्त 2025 से 10 सितंबर 2025 के बीच रखे गए थे, लेकिन जब फरियादी ने अपने गहने वापस मांगे, तो उक्त दंपत्ति ने उन्हें लौटाने से साफ इंकार कर दिया और धोखाधड़ी की। इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों संगीता चौरे और मुरारीलाल चौरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हड़पे गए 28 तोला सोने के गहनों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।











