इटारसी। यातायात नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नर्मदापुरम पुलिस अब सख्त रुख अख्तियार कर रही है। एसपी के निर्देशन में आज सिटी थाने के सामने मुख्य मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के चालान काटे गए।
सिटी थाना पुलिस ने दो पहिया वाहनों की बारीकी से जांच की। बिना हेलमेट पाए जाने वाले चालकों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। एसपी के निर्देशानुसार अब स्कूल जाने वाले छात्रों और सरकारी कर्मचारियो के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया है। नियमों का उल्लंघन करने पर विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल राजस्व वसूलना नहीं, बल्कि नागरिकों को सड़क हादसों से बचाना है। यह चेकिंग अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।










