इटारसी। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्थित केंद्रीय विद्यालय -1 की प्राचार्य श्रद्धा पाठक के खिलाफ सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच भोपाल ने 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने इस मामले में प्राचार्य को मुख्य आरोपी बनाया है, जबकि उनके लिए रिश्वत की रकम स्वीकार कर रहे स्कूल के सुरक्षा गार्ड किरत सिंह सराठे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
8 लाख के पेंडिंग बिल पास कराने मांगी थी घूस
एमआर इंटरनेशनल सप्लायर्स के संचालक ऋषि जैन ने सीबीआई को दी गई शिकायत में बताया था कि उन्होंने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में सामान की सप्लाई की थी, जिसके करीब 8 लाख रुपये के बिल लंबित हैं। इन लंबित बिलों के भुगतान को मंजूरी देने के एवज में 3 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर 7 अक्टूबर 2026 को ट्रैप (जाल) बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने बिचौलिए की भूमिका निभा रहे गार्ड किरत सिंह सराठे को 3 लाख रुपये की रिश्वत दी, पहले से मुस्तैद सीबीआई टीम ने उसे धर दबोचा।
मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त
गिरफ्तारी के दौरान गार्ड के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। सीबीआई टीम ने मामले से जुड़े मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री और दस्तावेज भी जब्त किए हैं। 7 अक्टूबर को इटारसी से हुई इस गिरफ्तारी के बाद गार्ड को सीबीआई, एसीबी भोपाल के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











