इटारसी। इटारसी के पास जमानी क्षेत्र के विस्थापन गांव नया माना में आखिरकार भारत संचार निगम लिमिटेड के नेटवर्क का उद्घाटन हो गया है। लगभग एक वर्ष से अधूरा पड़ा यह कार्य अब पूरा हो गया है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, गांव के लोग सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से जुड़े। प्रधानमंत्री ने ओडिशा से दिए गए लाइव प्रसारण के माध्यम से न केवल संबोधित किया, बल्कि उनकी आवाज ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंची। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्रधानमंत्री ने इस सुविधा के लिए बधाई भी दी।
तिलक सिंदूर पहाड़ी क्षेत्र को भी मिली सुविधा

स्थानीय निवासी विनोद वारिवा ने बताया कि अब इस बीएसएनएल नेटवर्क के माध्यम से तिलक सिंदूर पहाड़ी क्षेत्र के दूरस्थ अंचलों तक भी कनेक्टिविटी पहुंच जाएगी। पहाड़ी क्षेत्रों के ग्रामीण लंबे समय से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे थे। आपातकाल में उन्हें एम्बुलेंस और प्रशासनिक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता था, उन्हें फोन लगाने के लिए दूर पहाड़ी पर जाना पड़ता था।
स्वास्थ्य और प्रशासन की पहुंच होगी आसान
नया माना और तिलक सिंदूर जैसे दूरस्थ जंगल में स्थित गांवों में नेटवर्क आने से अब संचार की समस्या समाप्त हो जाएगी। यह सुविधा न केवल ग्रामीणों को आपस में जोड़ेगी, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन सहायता (एम्बुलेंस) से भी आसानी से जोड़ेगी, जिससे उनका जीवन सुगम हो सकेगा। यह कदम डिजिटल इंडिया अभियान को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।








