इटारसी। ऑर्डनेंस फैक्ट्री के पास खापा सोलर प्लांट में शातिर चोरों ने बड़ी सेंधमारी की है। भेल द्वारा संचालित इस विशालकाय सोलर प्लांट से करीब 2 से 3 लाख रुपये की केबल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सोची-समझी साजिश की ओर इशारा
यह चोरी महज एक इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सोची-समझी वारदात प्रतीत होती है। करीब 56 एकड़ में फैले इस प्लांट के केवल उसी हिस्से को निशाना बनाया गया, जहाँ करंट का प्रवाह नहीं था। चोरों को यह सटीक जानकारी होना कि किस केबल को हाथ लगाने पर खतरा नहीं है, स्पष्ट रूप से किसी भीतरी व्यक्ति या प्लांट की बारीकियों से वाकिफ जानकार की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहा है।
कैमरे बंद, सुरक्षा पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जहां पूरी दुनिया तकनीक और कैमरों की निगरानी में है, वहीं वारदात वाली जगह के सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। सुरक्षा व्यवस्था में इस बड़ी लापरवाही ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। पथरोटा बिजली कंपनी को बिजली सप्लाई करने वाले इस महत्वपूर्ण प्लांट में इस तरह की सुरक्षा चूक ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की पड़ताल जारी
पथरोटा थाना प्रभारी मोनिका गौर ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस का कहना है कि वे तकनीकी सुराग और आस-पास के सक्रिय नेटवर्क को खंगाल रहे हैं। हालांकि कैमरे बंद होने से जांच चुनौतीपूर्ण हो गई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।










