इटारसी। आजाद नगर मैदान पर एनडीसीए और विभिन्न खेल संगठनों के सहयोग से आयोजित लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कैडबरी क्रिकेट क्लब ने जीत लिया। खिताबी मुकाबले में कैडबरी क्लब ने जीनियस क्रिकेट क्लब को हराकर विजेता ट्रॉफी के साथ 11,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता। उपविजेता टीम को 5,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल भी देश की उन्नति का अहम हिस्सा हैं, ऐसे आयोजनों से प्रतिभाएं निखरती हैं।
एकेडमी के संचालक व कोच राजीव दुबे ने बताया कि फाइनल में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए जीनियस क्लब 15.4 ओवर में 99 रनों पर ऑलआउट हो गई। राहुल सोलंकी ने 53 और अंकित डोले ने 21 रन बनाए। कैडबरी क्लब के लव दुबे ने 4, जबकि राजीव व रोहित ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में कैडबरी क्लब ने मात्र 11.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कुश दुबे ने 32 और यश ने 30 रन बनाए। टूर्नामेंट में लव दुबे को मैन ऑफ द मैच व बेस्ट बॉलर, कुश दुबे को मैन ऑफ द सीरीज और यश बरखने को बेस्ट बल्लेबाज का खिताब मिला।
इस अवसर पर कैडबरी एकेडमी के ग्रीष्मकालीन शिविर का भी समापन हुआ, जिसमें 80 बच्चों को मैडल दिए गए। कार्यक्रम में सीनियर डीई मुफीद खान, राहुल चौरे, जनपद अध्यक्ष भूपेश चौकसे, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे, इटारसी क्रिकेट संघ अध्यक्ष सत्येन्द्र पाल सिंह जग्गी, जितेन्द्र ओझा, कुलभूषण मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि अभिषेक कनोजिया, देवेंद्र सिंह परिहार व अशोक मालवीय, सरपंच जितेंद्र पटेल, एनडीसीए सेक्रेटरी प्रदीप तोमर सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।











