केसला। केसला और सुखतवा के बीच हिरणचापड़ा स्थित संतूलाल पेट्रोल पंप के आगे शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बैतूल की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई।
कार से धुआं और लपटें उठती देख राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। लोगों ने तुरंत पानी डालकर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कार सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।











