- बेटी के घर भोपाल गई थीं पीडि़ता 7 8 दिन बाद लौटीं तो टूटा मिला ताला
इटारसी। न्यू यार्ड के इंदिरा नगर क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को अपना निशाना बनाया है। असलम मंजिल के पास रहने वाली प्रफुल्ल लता मनमोटे के मकान से अज्ञात चोर नगदी और चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए। हैरत की बात यह है कि पीडि़ता के घर में चोरी की यह दूसरी वारदात है, जिससे न केवल पीडि़त परिवार सदमे में है, बल्कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
पड़ोसियों की सतर्कता से चला चोरी का पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रफुल्ल लता मनमोटे पिछले 8 दिनों से भोपाल स्थित अपनी बेटी के घर गई हुई थीं। मकान पूरी तरह बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने दरवाजे का कुंडी तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला।
पड़ोसियों ने जब घर की कुंडी टूटी देखी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना प्रफुल्ल लता को दी। सूचना मिलते ही पीडि़ता आनन-फानन में भोपाल से इटारसी पहुंचीं। घर के अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि लगभग 25 से 30 हजार रुपये मूल्य की नगदी और चांदी के गहने गायब हैं।
डायल 112 पहुंची मौके पर
घटना का खुलासा होते ही पीडि़ता ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए। पीडि़ता प्रफुल्ल लता मनमोटे जल्द ही इटारसी थाने पहुंचकर लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराएंगी।
पहले यहां पुलिस चौकी थी, अब बंद हुई
इस घटना ने न्यू यार्ड क्षेत्र की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि न्यू यार्ड जैसे संवेदनशील इलाके में पहले पुलिस चौकी संचालित होती थी, जिससे असामाजिक तत्वों और बदमाशों में खौफ रहता था। जब से यह पुलिस चौकी हटाई है, तब से क्षेत्र में चोरी और अवैध गतिविधियों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पुलिस प्रशासन को न्यू यार्ड में गश्त बढ़ानी चाहिए और चौकी की व्यवस्था पुन: बहाल करनी चाहिए।
बार-बार चोरियों से उठे सवाल
एक ही घर में दोबारा चोरी होना यह साबित करता है कि चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं और उन्हें पुलिसिया कार्रवाई का कोई भय नहीं है। न्यू यार्ड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए इटारसी पुलिस को ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि आम नागरिक अपने ही घरों में खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।



























