इटारसी। वरिष्ठ नागरिक मंच की मासिक बैठक मंच के वरिष्ठ सदस्य अशोक सक्सेना की अध्यक्षता में गोठी धर्मशाला में जन-गण-मन राष्ट्रगान के साथ प्रारंभ हुई। इस दौरान माह में जन्मदिन वाले सदस्यों विजय शंकर द्विवेदी, शिवनारायण बुधोलिया एवं सुनील बाजपेई को जन्म दिन पर पुष्पाहार से सम्मानित कर उपहार सामग्री भेंट की गई।
मंच के सदस्य शिवनारायण बुधोलिया ने अपने 24 दिवसीय तीर्थ यात्रा के संस्मरण सुनाए। आगामी मार्च माह में मंच की सदस्यता शुल्क जमा करने की सूचना दी गई। मार्च माह से मंच की मासिक बैठक का समय सांयकाल 4 बजे के स्थान पर 5 बजे किया गया। मंच के सदस्य विजय शंकर द्विवेदी ने सदस्यों से कहा कि आप जन्म दिवस के अवसर पर गायत्री यज्ञ कराना चाहें तो मैं आपके आवास पर पहुंचकर नि:शुल्क संपन्न करूंगा।
मंच की बैठक को डॉ ज्ञानेंद्र पांडे, डॉ केएस उप्पल, सुधीर गोठी एवं राम किशोर चौरे ने संबोधित किया। अशोक सक्सेना ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि मासिक बैठक में मंच के सदस्यों को अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होना चाहिए और नई-नई सामाजिक गतिविधियों को संचालित करने के सुझाव देने चाहिए।
बैठक के अंत में मंच परिवार के परिजनों आरडी पटेल एवं नजर कमर बाई के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक का संचालन प्रवक्ता राजकुमार दुबे ने किया एवं आभार सचिव सुरेंद्र सिंह तोमर ने माना। बैठक में सूरत सिंह सोलंकी, एनपी चिमानिया, उषा चिमानिया, टीआर चौलकर, जीपी दीक्षित, सुधीर गोठी, सुरेश रघुवंशी आदि उपस्थित रहे।









