इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ राधा आशीष पांडे के नेतृत्व में हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग विषय पर कई कार्यक्रम किए। शुरुआत तिरंगा संग सेल्फी से हुई। रंगोली, भाषण, परिचर्चा, तिरंगा रैली, तिरंगा यूनिफॉर्म और तिरंगा राखी निर्माण के साथ पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया।
तिरंगा रैली महाविद्यालय से होती हुई गोद ग्राम तक गई। गोद ग्राम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आम जन को तिरंगे का महत्व समझाया एवं पौधा रोपा। तिरंगे की शपथ दिलाई। छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को ध्वज वितरित किए। छात्र-छात्राएं एवं सुखतवा के निवासी रैली में शामिल हुए जो पूरे ग्राम में घूमती हुई थाना केसला के पास संपन्न हुई।
प्राचार्य डॉ नीता राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि यह बड़ा ही गर्व का विषय है कि पहले के समय में राष्ट्रीय ध्वज घर-घर फहराना तो दूर उसे छूना भी बड़ा कठिन होता था परंतु वर्तमान समय में भारत वासियों को यह स्वतंत्रता दी गई कि वह अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा सकते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ राधा आशीष पांडे ने कहा, बड़े ही सौभाग्य का विषय है क्योंकि इस तरीके के कार्यक्रम में भाग लेने से आपके मनोबल को ऊंचा उठने में सहयोग प्राप्त होता है।
डॉ मंजू मालवीय, डॉ हिमांशु चौरसिया, श्रीमती कामधेनु पटोदिया, डॉ सतीश ठाकरे, डॉ धीरज गुप्ता, डॉ प्रवीण कुशवाहा, डॉ सौरभ तिवारी, डॉ वेद प्रकाश सहित स्टाफ एवं स्वयं सेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिताओं के छात्र-छात्राओं को वार्षिक युवा उत्सव के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।











