इटारसी। नगर पालिका के लोक निर्माण विभाग के सभापति राकेश जाधव ने वार्डों का निरीक्षण कर विकास कार्यों और जन समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना और जल विभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजी जताई।
निरीक्षण के दौरान एक हितग्राही ने शिकायत की कि केवल मकान की फोटो न खिंच पाने की वजह से उसकी दूसरी किस्त रुकी हुई है। इस पर सभापति ने संबंधित अधिकारी को फोन पर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीबों के आवास कार्य में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वार्ड 23, अग्रवाल कॉलोनी स्थित पीएम आवासों के रहवासियों ने पानी की किल्लत की शिकायत की। सभापति ने मौके पर ही जल विभाग के अधिकारी रविन्द्र जोशी को बुलाकर समस्या का समाधान दो दिन के भीतर करने की समय-सीमा तय की।










